
उत्तराखंड के किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार 1 दिसंबर से सभी 95 विकासखंडों में सहकारिता ऋण मेले आयोजित करेगी। इन मेलों के जरिए इस वर्ष दो लाख किसानों को लाभान्वित करने और करीब 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सहस्त्रधारा रोड स्थित नाबार्ड मुख्यालय में आयोजित सहकारिता विभाग एवं नाबार्ड की समीक्षा बैठक के दौरान दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित योजनाओं की प्रगति, ब्याजमुक्त ऋण वितरण, जिला सहकारी बैंकों के एनपीए, शीर्ष सहकारी संस्थानों की आगामी एजीएम और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी 95 विकासखंडों में ऋण मेलों की रूपरेखा तैयार करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य
जिला सहकारी बैंकों के एनपीए की स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने करीब 400 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से एनपीए कम करने के लिए गंभीरता से प्रयास करने को कहा।
7 दिसंबर को फिर होगी समीक्षा
मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति भी जानी और संबंधित कार्यों की स्टेटस रिपोर्ट प्राप्त की। उन्होंने अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक और उप निबंधक स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में प्रत्येक एमपैक्स (MPACS) स्तर पर बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाएं और निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत रिपोर्ट 7 दिसंबर को प्रस्तुत करें। इसी दिन वह स्वयं अधिकारियों के साथ दोबारा समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे।
ऋण वितरण में चमोली जनपद सबसे आगे
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण में चमोली जनपद 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे रहा। ऊधमसिंह नगर ने 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा ने 50 प्रतिशत, हरिद्वार ने 49 प्रतिशत, पौड़ी गढ़वाल ने 46 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 43 प्रतिशत और देहरादून ने 32.72 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की।
मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ आगे
दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिए जाने वाले अल्पकालीन ऋण और मध्यकालीन ऋण वितरण की भी समीक्षा की गई। मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर रहा। चमोली ने 65 प्रतिशत, नैनीताल ने 64 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 56 प्रतिशत, चंपावत ने 53 प्रतिशत और ऊधमसिंह नगर ने 52 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। वहीं रुद्रप्रयाग में 43.34 प्रतिशत ऋण वितरण दर्ज किया गया।
बैठक में अपर निबंधक ईरा उप्रेती ने विभागीय योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत की। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, पैक्स (PACS), कॉमन सर्विस सेंटर और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों की जनपदवार स्थिति की जानकारी दी।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक कुल 37,271 करोड़ रुपये के निर्धारित ऋण वितरण लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 19,623.89 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इस तरह प्रदेश में करीब 52 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post