
ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन के पावन आध्यात्मिक प्रांगण में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह का श्रद्धा और भक्ति के साथ दिव्य समापन हुआ। सात दिनों तक प्रवाहित भागवत कथा की ज्ञानगंगा ने श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना से अभिसिंचित किया। समापन अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती का दिव्य सान्निध्य और प्रेरणादायी उद्बोधन प्राप्त हुआ। कथा व्यास श्री भावेश दादा जी ने श्रीमद् भागवत की कथा का भावपूर्ण वाचन किया।
इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण जीवन को दिव्यता प्रदान करने वाला आध्यात्मिक दर्शन है। यह हमें सिखाता है कि जीवन की वास्तविक उपलब्धि संपत्ति, पद और प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता, व्यवहार की मधुरता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता में निहित है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म की स्थापना, निर्बल की रक्षा, प्रेम की प्रतिष्ठा और कर्तव्य पालन का अनुपम उदाहरण है। आज के भौतिकतावादी युग में भागवत का संदेश और भी प्रासंगिक हो गया है। बाहरी प्रगति के साथ आंतरिक शांति, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का विकास भी आवश्यक है।
स्वामी जी ने कहा कि भागवत की पावन धारा मनुष्य के भीतर सोई हुई करुणा, संवेदना और सेवा की भावना को जागृत करती है। भक्ति से अहंकार का विसर्जन होता है, ज्ञान से अज्ञान का अंधकार दूर होता है और सेवा से जीवन स्वयं भगवान की आराधना बन जाता है। भागवत हमें अपने भीतर के अंधकार को मिटाकर आत्मज्ञान का दीप प्रज्वलित करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने जोगाणी परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों का वास्तविक उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना होना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और मानवता की सेवा को ईश्वर की सेवा मानकर कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं, साध्वी भगवती सरस्वती ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत हमें प्रेम, भक्ति और समर्पण का वास्तविक अर्थ समझाती है। यह पावन ग्रंथ संदेश देता है कि ईश्वर प्रत्येक जीव में विद्यमान हैं। जब हम किसी जरूरतमंद के जीवन में प्रसन्नता लाते हैं, तब वास्तव में भगवान की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि कथा का समापन आध्यात्मिक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि उसके दिव्य संदेशों को जीवन में आत्मसात करने का शुभारंभ है। भागवत के विचारों को अपने आचरण में उतारना, परिवार और समाज में प्रेम का विस्तार करना तथा प्रकृति एवं समस्त जीवों के प्रति संवेदनशील रहना ही इस ज्ञानयज्ञ की वास्तविक सार्थकता है।
श्रीमती हर्षाबेन जोगाणी, श्री हेमन्तभाई जोगाणी एवं जोगाणी परिवार की ओर से इस सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया। आयोजन के समापन पर जोगाणी परिवार ने पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती का सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त कर आभार व्यक्त किया।
Reported By: Arun Sharma











Discussion about this post