
उत्तरकाशी जिले के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार नौ साल बाद शुक्रवार को स्वदेश लौट आए। सऊदी अरब में सड़क हादसे के एक मामले में जेल की सजा पूरी करने के बावजूद करीब 2.51 करोड़ रुपये के मुआवजे की राशि जमा नहीं होने के कारण उनकी वतन वापसी अटकी हुई थी। लंबे इंतजार और तमाम प्रयासों के बाद अब वह अपने परिवार के बीच पहुंच गए हैं।
इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के पीछे उनकी बेटी दीपिका नौटियाल की भावुक अपील और देश-विदेश के हजारों लोगों का सहयोग अहम रहा। बेटी की अपील पर लोगों ने एकजुट होकर करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई, जिससे मुआवजे की रकम जमा करने का रास्ता साफ हुआ। इस मुहिम में उत्तराखंड सरकार ने भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने इंद्रमणि की रिहाई और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हो सकीं और नौ साल से सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि की घर वापसी संभव हो पाई।
इंद्रमणि के स्वदेश लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है। नौ साल तक पिता की वापसी का इंतजार करने वाली बेटी दीपिका और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए यह भावुक कर देने वाला पल है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि मुश्किल वक्त में सामूहिक सहयोग और मानवीय संवेदनाएं किसी परिवार की जिंदगी में कितनी बड़ी उम्मीद बन सकती हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post