देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से सड़क पर भटक रहे, भिक्षावृत्ति एवं बाल श्रम में संलिप्त बच्चों का बचपन अब शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर इन बच्चों के लिए नई दिशा और उम्मीद का केंद्र बना है।

अब तक 174 से अधिक बच्चों को रेस्क्यू कर शिक्षा से जोड़ा जा चुका है। सेंटर में काउंसलिंग, ब्रिज कोर्स, स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण एवं नियमित शिक्षा की व्यवस्था की गई है। बच्चों को औपचारिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा रहा है तथा खेल, योग, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जा रहा है।
हाल ही में सेंटर के बच्चों ने उत्साहपूर्वक होली मनाई और खेल स्पर्धाओं व मैराथन में भी भाग लिया। जो बच्चे कभी सड़कों पर थे, वे अब विद्यालयों में पढ़ाई कर खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का अधिकार है। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को केवल रेस्क्यू करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी नागरिक बनाना है।
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post