
कांवड़ मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दून पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
इसी क्रम में दून पुलिस की बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) टीम ने ऋषिकेश में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान त्रिवेणी घाट के आरती परिसर, नाव घाट, आस्था पथ, ऋषिकेश बस अड्डा, ट्रांजिट कैंप, रेलवे स्टेशन तथा आसपास की दुकानों और बसों की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए प्रत्येक स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
दून पुलिस ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान, गश्त और निगरानी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post