
कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड को पहली बार इस महत्वपूर्ण पद पर नेतृत्व का अवसर मिला है। इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. रावत को यह जिम्मेदारी नॉर्दर्न रीजन से मिली है। इस परिक्षेत्र में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर सहित आठ राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, नॉर्दर्न रेलवे, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे का भी इसमें प्रतिनिधित्व है। नॉर्दर्न रीजन से उनका निर्विरोध निर्वाचन राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश में स्काउट-गाइड आंदोलन को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं। उनके प्रयासों से सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, नई इकाइयों की स्थापना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को प्रोत्साहन मिला है।
उन्होंने स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से साहसिक कार्यक्रमों, सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों और युवाओं में अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने पर जोर दिया है। स्काउट-गाइड आंदोलन में उनके योगदान के लिए उन्हें संगठन के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. रावत का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचन प्रदेश में स्काउट-गाइड आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ ही संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post