
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नैनीताल जिले को 1000 कंट्रोल यूनिट (Control Unit) और 700 वीवीपैट (VVPAT) मशीनें प्राप्त हुई हैं। सभी मशीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जीपीएस ट्रैकिंग के माध्यम से हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
मशीनों के वेयरहाउस पहुंचने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मशीनों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) भी पूरा किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियां निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित परिवहन से लेकर उनके रखरखाव तक हर प्रक्रिया की निगरानी तय मानकों के अनुसार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रत्येक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है, ताकि चुनावी व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और चुनाव संबंधी तैयारियां लगातार जारी रहेंगी।
ललित मोहन रयाल, जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी, नैनीताल
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post