हरिद्वार में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड द्वारा स्थानीय नागरिकों से आरडी और फिक्स डिपॉजिट के नाम पर की गई आर्थिक धोखाधड़ी के प्रकरण में उत्तराखण्ड पुलिस की सीआईडी–ईओडब्ल्यू को बड़ी सफलता मिली है। ₹50,000 के ईनामी और सात वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्त अनिल कुमार तिवारी को महाराष्ट्र के कल्याण, जिला ठाणे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना ज्वालापुर में वर्ष 2018 में धारा 406/420 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना सीआईडी-ईओडब्ल्यू द्वारा की जा रही है।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि कंपनी ने निवेश के नाम पर विभिन्न बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी कर करीब ₹12.26 लाख की धोखाधड़ी की। कंपनी के संचालक अनिल कुमार तिवारी और देवेंद्र प्रकाश तिवारी की संलिप्तता धोखाधड़ी और निक्षेपक हित संरक्षण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में पाई गई। दोनों अभियुक्तों पर ₹50,000-50,000 का इनाम घोषित था तथा इनके खिलाफ कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीआईडी खंडाधिकारी मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन में गठित टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार तिवारी को 7 दिसंबर 2025 को कल्याण से गिरफ्तार किया। उसे स्थानीय न्यायालय ठाणे में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया गया है तथा आगे की कार्रवाई के लिए हरिद्वार लाया जा रहा है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post