हरिद्वार। नए साल के स्वागत को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। देश के कोने-कोने से लोग नए वर्ष की शुरुआत गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के साथ करने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। गंगा घाटों, हर की पौड़ी और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
नए साल के जश्न के चलते हरिद्वार में होटल, धर्मशालाएं और आश्रम लगभग फुल हो चुके हैं। शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालु मानते हैं कि गंगा स्नान के साथ नए साल की शुरुआत करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है, इसी आस्था के चलते हरिद्वार को पहली पसंद बनाया जा रहा है।
पुलिस अलर्ट, गंगा घाटों पर कड़ी निगरानी
पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और गंगा घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। हर की पौड़ी सहित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, वहीं भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान
नए साल के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शहर में जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस तैनात है ताकि जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करें। अधिकारियों का कहना है कि नए साल के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है।
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post