प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के तहत देहरादून में स्थापित किए जा रहे हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (HEOC) का निर्माण तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में यह परियोजना राज्य की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भारत सरकार की उच्च स्तरीय टीम ने स्वास्थ्य महानिदेशालय परिसर में निर्माणाधीन HEOC का निरीक्षण किया। टीम ने संरचना, डिज़ाइन, गुणवत्ता और कार्य प्रगति की समीक्षा की तथा संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की। निरीक्षण के दौरान महानिदेशक डॉ. सुनीता टमटा, नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि HEOC का लगभग आधा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे जनवरी 2026 के अंत तक तैयार कर केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग उत्तराखंड को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। केंद्र के संचालन के लिए राज्य सरकार पहले ही अधिकारियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, ताकि HEOC शुरू होते ही पूर्ण क्षमता से कार्य कर सके।
HEOC राज्य में स्वास्थ्य आपदा प्रबंधन, महामारी निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया, डेटा विश्लेषण और जिला–स्तरीय समन्वय को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करेगा। कोविड-19 और धराली जैसी घटनाओं से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इसे अत्याधुनिक निगरानी तंत्र से लैस किया जा रहा है।
केंद्र सरकार की राष्ट्रीय रणनीति के तहत स्थापित किए जा रहे HEOC देश में भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे भौगोलिक रूप से संवेदनशील राज्य के लिए यह केंद्र एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा आधार बनेगा और आने वाले वर्षों में राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में सहायक होगा।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post