केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर बोल्डर और पत्थर गिरने से मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण घोड़ा, डंडी और कंडी सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हालांकि, प्रशासन की निगरानी में पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी है।
जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को केदारनाथ पैदल मार्ग पर पोल संख्या 98-99 के बीच अचानक बोल्डर और पत्थर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर घोड़ा, डंडी और कंडी सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी। मौके पर डीडीआरएफ (DDRF), पुलिस चौकी जंगलचट्टी और एमटीएफ भीमबली की टीमें तैनात हैं, जो स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी के कनिष्ठ अभियंता (जेई) के अनुसार, मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए 14 श्रमिकों को कार्य में लगाया गया है। मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य तेजी से जारी है।
प्रशासन ने बताया कि मार्ग के पुनर्स्थापन का कार्य प्रगति पर है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतें।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post