उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित ब्रज कला केंद्र, ब्रज धाम में आयोजित भव्य समारोह के दौरान कोलंबिया यूनिवर्सिटी द्वारा उत्तराखंड जनपद देहरादून की तहसील त्यूणी अंतर्गत ग्राम सिलवाड़ा (पोस्ट चिलहाड़) निवासी नरेंद्र सिंह को कला के क्षेत्र में मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके परिवार, ग्राम सिलवाड़ा और सम्पूर्ण जौनसार-बावर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
नरेंद्र सिंह ने 1990 के दशक से वर्ष 2011–12 तक लोक कला के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य किए। उन्होंने लोक कला को माध्यम बनाकर न केवल सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण किया, बल्कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना एवं लोक संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायत विभाग सहित कई विभागों की योजनाओं को उन्होंने कला के जरिए जन-जन तक पहुँचाया।
जौनसार-बावर की विशिष्ट सांस्कृतिक धरोहर को उन्होंने उत्तराखंड के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों में मंचों पर प्रस्तुत कर क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। एक हास्य कलाकार के रूप में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और व्यापक सराहना प्राप्त की।
वर्तमान में नरेंद्र सिंह राजस्व विभाग में राजस्व निरीक्षक के पद पर ऋषिकेश में सेवारत हैं। उनकी इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, सांस्कृतिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post