
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कोटद्वार पहुंचकर गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले द्वितीय गढ़वाल राइफल्स के वीर सपूत स्व. नायक राजेश सिंह रावत और स्व. नायक सौरभ सिंह नेगी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने नायक नितिन गुसाईं से भी भेंट कर हादसे में उनके परिजनों के निधन पर दुख जताया।
उल्लेखनीय है कि कच्छ में हुए इस दर्दनाक हादसे में कोटद्वार के ध्रुव विहार निवासी नायक सौरभ नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका की मौत हो गई थी। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और चार वर्षीय बेटी वमिका ने भी हादसे में जान गंवाई थी। इसके अलावा नायक राजेश रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता भी इस दुर्घटना का शिकार हो गई थीं।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद हृदयविदारक है। विशेषकर मासूम बच्चों और परिवार के सदस्यों का असमय दुनिया से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के सम्मान, कल्याण एवं हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सरकार की जिम्मेदारी सर्वोपरि है।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post