
भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की 166 वर्षों की गौरवशाली विरासत और सुशासन में उसके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से देहरादून में ऑडिट सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। 16 से 28 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस आयोजन के तहत लेखापरीक्षा, वित्तीय जवाबदेही, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस दौरान कार्यशालाओं, संवाद कार्यक्रमों, रंगोली प्रतियोगिता और ऑडिट मेले के माध्यम से विभागीय अधिकारियों, बाहरी हितधारकों और अन्य प्रतिभागियों को एक मंच पर लाकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।
इसी क्रम में 18 नवंबर को कौलगढ़ स्थित ऑडिट भवन में दो महत्वपूर्ण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इनमें बाहरी हितधारकों और विभागीय अधिकारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। कार्यशालाओं में लेखापरीक्षा एवं लेखांकन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही हितधारकों के साथ संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि भारत के प्रथम महालेखापरीक्षक की नियुक्ति 16 नवंबर 1860 को हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 16 नवंबर को ऑडिट दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की ऐतिहासिक विरासत, वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने में उसकी भूमिका और सुशासन में उसके योगदान को रेखांकित करना है।
ऑडिट सप्ताह के माध्यम से विभाग पारदर्शी प्रशासन, वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही के महत्व को आमजन एवं संबंधित हितधारकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post