
CIMS एवं UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के चेयरमैन और सजग इंडिया के अध्यक्ष शिक्षाविद् ललित मोहन जोशी को उनके सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए ‘देवभूमि विकास सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। देहरादून के एक निजी होटल में इंडिया वाइस न्यूज चैनल की ओर से आयोजित ‘देवभूमि से विकास संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
ललित मोहन जोशी पिछले 18 वर्षों से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान चला रहे हैं। सजग इंडिया के माध्यम से संचालित इस अभियान के तहत अब तक लाखों युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा चुका है। युवा संवाद कार्यक्रमों के जरिए वह उत्तराखंड और आसपास के राज्यों के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में आठ लाख से अधिक छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर चुके हैं।
इन कार्यक्रमों में युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और शिक्षा एवं राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाता है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी ललित मोहन जोशी की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उनके नेतृत्व में संचालित ‘सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम’ के तहत प्रतिवर्ष आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के 300 मेधावी विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट के साथ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत चिकित्सा, पैरामेडिकल, प्रबंधन, कंप्यूटर, होटल मैनेजमेंट और विधि सहित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पढ़ाई का अवसर दिया जा रहा है।
इस पहल का विस्तार करते हुए भारतीय सेना में सेवारत सैनिकों के आश्रितों और वीर नारियों के बच्चों को भी निःशुल्क उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सैनिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर प्रदान कर उनके भविष्य को बेहतर बनाना है।
ललित मोहन जोशी का मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा और उसके सपनों में बाधा नहीं बनना चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक ओर युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शिक्षा के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
‘देवभूमि विकास सम्मान 2026’ को उनके इन्हीं 18 वर्षों के सामाजिक और शैक्षिक प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। नशामुक्त समाज के निर्माण से लेकर जरूरतमंद एवं सैनिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने तक उनकी पहल समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दे रही है।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post