
पौड़ी गढ़वाल। जनपद के खांडूसैन क्षेत्र में गुलदार के हमले में साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। घर के आंगन में खेल रही बच्ची पर गुलदार ने घात लगाकर हमला किया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया। बाद में बच्ची का शव बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब पौने छह बजे की है। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद बच्ची का शव बरामद कर घर लाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी और डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी सहित वन विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। संबंधित रेंजर भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक राजकुमार पोरी का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने मांग की कि जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल और डीएफओ तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें। साथ ही क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। घटना के बाद से खांडूसैन और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post