
केदारताल क्षेत्र में संचालित सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दुर्गम और उच्च हिमालयी क्षेत्र में अभियान चला रही टीमों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। इसी क्रम में मातली हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सर्चिंग टीम के लिए आवश्यक सामग्री केदारताल क्षेत्र में भेजी जा रही है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला प्रशासन विभिन्न विभागों और रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। इस अभियान में जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ, पूर्ति विभाग और आईटीबीपी की टीमें आपसी सहयोग से कार्य कर रही हैं।
मातली हेलीपैड पर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी आवश्यक सामग्री की पैकिंग एवं हेलीकॉप्टर के माध्यम से उसकी आपूर्ति की व्यवस्था में जुटे हैं। इसका उद्देश्य दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच तैनात सर्चिंग टीमों तक समय पर जरूरी सामग्री और संसाधन पहुंचाना है, ताकि अभियान के संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।
जिला प्रशासन की ओर से अभियान में जुटी टीमों की आवश्यकताओं, सुरक्षा और रसद व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी संबंधित विभागों और रेस्क्यू एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से केदारताल क्षेत्र में सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post