भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तराखंड ने घोषणा की है कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस महत्वपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को सौंपी है। यह कार्यक्रम 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पूरे देश में एक साथ आयोजित किए जाएंगे।
रुचि भट्ट के अनुसार, उत्तराखंड के हर जिले में यह आयोजन छात्राओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, छात्रावासों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और गर्ल्स कॉलेजों में किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संविधान की मूल भावना, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक जिले में एक विशेष अतिथि को शामिल किया जाएगा, जो प्रतिभागियों को वंदे मातरम के इतिहास, इसकी रचना कब हुई और किसने लिखी—इन सभी विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। उनका कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवतियों और महिलाओं में राष्ट्रभावना, सांस्कृतिक गर्व और संवैधानिक जागरूकता को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि आज़ादी के आंदोलन का वह भावनात्मक प्रतीक है जिसने देश की चेतना को एकजुट किया। इसकी 150वीं वर्षगांठ युवाओं को राष्ट्र निर्माण और संविधान के प्रति कर्तव्यबोध की प्रेरणा देने का एक बड़ा अवसर है।
Reported By : Rajesh Kumar












Discussion about this post