मुनस्यारी के नस्यारी क्षेत्र में पशुपालन विभाग की जमीन पर पिटकुल का सब स्टेशन बनाए जाने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य और मुनस्यारी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक जगत मर्तोलिया ने जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई से मुलाकात कर इस पर आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग की जमीन पर भेड़-बकरियों के नहाने के लिए टैंक और चारा घास की नर्सरी बनाए जाने का प्रस्ताव है। यहां सब स्टेशन बनने से पास स्थित हेलीपैड, राजकीय इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज के छात्रों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ जाएगा। साथ ही भारी बिजली लाइनों के जाल से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक पर्यटन गतिविधियों, जैसे पैराग्लाइडिंग, पर भी असर पड़ेगा।

मर्तोलिया ने बताया कि सेरासुराईधार सहित अन्य स्थानों पर सब स्टेशन के लिए जमीन देने को स्थानीय लोग तैयार हैं। इस पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने बताया कि अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जो जल्द मुनस्यारी जाकर सभी संभावनाओं की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय से सलाह लेकर जनभावनाओं का सम्मान करते हुए वैकल्पिक स्थान भी तलाशे जाएंगे।
Reported By: Arun sharma










Discussion about this post