मुनस्यारी में सामुदायिक पुस्तकालय की अनूठी पहल “आओ अपने गांव से जुड़े अभियान” के तहत सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय सरमोली में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चार कक्षा टॉपर्स विद्यार्थियों को स्वर्गीय गोविंद सिंह रावत एवं श्रीमती बेलमती रावत स्मृति स्कॉलरशिप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कॉलरशिप के आयोजक और शंखधूरा निवासी रघुनाथ सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अभिभावकों से विद्यालय के शैक्षिक उन्नयन में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की गई।
विद्यालय की कक्षा 2 के छात्र हर्ष ने 75 प्रतिशत, कक्षा 3 के गोविंद ने 83 प्रतिशत, कक्षा 4 के राहुल ने 81 प्रतिशत तथा कक्षा 5 की छात्रा लक्षिता ने 72 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी-अपनी कक्षाओं में टॉपर बनते हुए स्कॉलरशिप हासिल की।
सामुदायिक पुस्तकालय के संस्थापक जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के भीतर प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना और क्षेत्र में शैक्षिक नवाचार को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
नगर पंचायत की सभासद हंसा रावत ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए अपनी ओर से नगद धनराशि प्रदान की।
आयोजक रघुनाथ सिंह रावत ने कहा कि अपने पूर्वजों को याद करने और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का यह एक सार्थक प्रयास है। वहीं विद्यालय की शिक्षिकाओं पूजा जोशी और दीपा सयालाकोटी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए प्रेरणादायक साबित होंगे।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post