कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कुमाऊं भ्रमण के दौरान अल्मोड़ा सर्किट हाउस में कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास और सैनिक कल्याण विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पूरी पारदर्शिता और प्रभावी रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए विभागों का आपसी समन्वय बेहद आवश्यक है।
मंत्री जोशी ने लखपति दीदी योजना, ऐपल मिशन, पलायन रोकथाम योजना, मधुग्राम, मौन पालन और पॉलीहाउस स्थापना जैसी योजनाओं की गति तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएँ किसानों और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका से सीधा संबंध रखती हैं, इसलिए इनका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद में हॉर्टी-टूरिज्म विकसित करने की दिशा में काम शुरू करने के भी निर्देश दिए, जिससे युवाओं व किसानों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
बैठक में मंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने, किसानों को वितरित होने वाले कृषि उपकरणों की गुणवत्ता की कड़ी जांच करने और बंजर भूमि को उपयोगी बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा में उन्होंने जिला सैनिक विश्राम गृह व कार्यालय के पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए त्वरित प्रक्रिया अपनाने को कहा। साथ ही अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और न्यायपंचायत स्तर पर कार्यशालाएँ आयोजित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र व्यक्ति योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त कर सके।
कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post