एसएसपी देहरादून के निर्देशन में थाना बसंत विहार पुलिस ने गुमशुदा युवक दिगंबर धीमान हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। 11 फरवरी 2026 को शास्त्री नगर निवासी संतराम धीमान ने अपने 28 वर्षीय पुत्र दिगंबर धीमान की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जो 9 फरवरी को कोर्ट में पेशी के बाद घर नहीं लौटा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दिगंबर के कुछ साथी भी उसी रात से लापता थे। मोबाइल सीडीआर विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध टैक्सी चालक राजनंदन निवासी न्यू पटेलनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में टैक्सी चालक ने खुलासा किया कि 9 फरवरी की रात दिगंबर के साथियों ने उसके शव को कंबल में लपेटकर उसकी स्विफ्ट डिजायर टैक्सी से चिडियापुर के जंगल में ले जाकर रेत में दबा दिया था। आरोपियों ने शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान बेसबॉल बैट से सिर पर चोट लगने से दिगंबर की मौत होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चालक की निशानदेही पर शव बरामद कर टैक्सी कब्जे में ले ली है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रमोद कुमार,एसपी,देहरादून
Reported By: Arun Sharma











Discussion about this post