
उत्तराखंड की प्रसिद्ध शीतकालीन पर्यटन स्थली औली में 12 फरवरी से शुरू होने वाले विंटर कार्निवाल और नेशनल विंटर गेम्स को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। आयोजक संस्था, जीएमवीएन, पर्यटन विभाग, आईटीबीपी और उत्तराखंड शीतकालीन खेल संघ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। बर्फ से ढकी स्की ढलानों को सजाने और सुरक्षित बनाने का कार्य तेज़ी से चल रहा है।
औली स्थित इंटरनेशनल स्की फेडरेशन से मान्यता प्राप्त दक्षिण मुखी नंदा देवी स्की स्लोप और ट्री लाइन स्लोप पर सेफ्टी नेट लगाए जा चुके हैं। मुख्य स्की प्रशिक्षक किशोर डिमरी के नेतृत्व में इन ढलानों का निरीक्षण किया जा रहा है, जिसके बाद अल्पाइन स्कीइंग रेस के लिए गेट लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
विंटर कार्निवाल और नेशनल विंटर गेम्स को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और पर्यटन कारोबारियों में खासा उत्साह है। इस बार कार्निवाल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ अल्पाइन स्कीइंग, जाइंट स्लालम, स्लालम, नॉर्डिक रेस, स्नो बोर्डिंग और स्की पर्वतारोहण जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के एथलीट अपनी रफ्तार और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post