
गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित बाईपास मार्ग के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए निर्माण संबंधी प्रस्ताव और सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टपकेश्वर बाईपास मार्ग से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने और सर्वे की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि योजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने सर्वे कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने और उनके सुझावों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ स्थानीय लोगों का आवागमन भी लगातार बना रहता है। ऐसे में बाईपास मार्ग का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके बनने से मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को जल्द राहत मिल सके।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post