
चमोली, उत्तराखंड में स्थित पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंट साहिब के कपाट आज 10 अक्टूबर 2025 को शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। 25 मई से शुरू हुई यात्रा के दौरान लगभग 2.75 लाख श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब में दर्शन कर आस्था व्यक्त की।
कपाट बंद होने से पूर्व सुखमनी साहिब पाठ और हजूरी रागी भाई मनिंदर सिंह के कीर्तन के बाद अंतिम अरदास हुई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा के माध्यम से गोविंद धाम ले जाया गया। इस अवसर पर लगभग दो हजार श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़ा यह पवित्र स्थल समुद्रतल से 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और हिमालय की शांत गोद में अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध है।
ट्रस्ट चेयरमैन नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मौसम की चुनौतियों के बावजूद यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई और श्रद्धालुओं का उत्साह इस बार भी ऐतिहासिक रहा।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post