प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ में उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन, साहसिक खेलों और डेस्टिनेशन वेडिंग की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया। लगभग ढाई मिनट का पूरा अंश उत्तराखंड को समर्पित रहा, जो यह दर्शाता है कि देवभूमि प्रधानमंत्री के कितनी निकट है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि औली, मुनस्यारी, दयारा और चोपता जैसे स्थान सर्दियों में देशभर के पर्यटकों के प्रिय गंतव्य बन रहे हैं। विंटर टूरिज्म अब राज्य की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने पिथौरागढ़ की हाई ऑल्टीट्यूट अल्ट्रा रन का उल्लेख करते हुए बताया कि आदि कैलाश यात्रा में पर्यटकों की संख्या 2,000 से बढ़कर 30,000 पार हो चुकी है, जो बेहतर कनेक्टिविटी और बढ़ते पर्यटन का संकेत है।
कुछ ही सप्ताह में उत्तराखंड विंटर गेम्स शुरू होने जा रहे हैं, जिनमें देशभर से खिलाड़ी और एडवेंचर उत्साही भाग लेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सड़क, इंफ्रास्ट्रक्चर और होम-स्टे नीति में उल्लेखनीय सुधार कर स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं।
डेस्टिनेशन वेडिंग का बढ़ता चलन भी प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रमुख हिस्सा रहा। उन्होंने कहा कि गंगा तट की शांति, हिमालय की वादियाँ और सर्दियों का प्राकृतिक सौंदर्य उत्तराखंड को विवाह समारोहों का आदर्श स्थल बनाते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मोदी जी उत्तराखंड पर्यटन के सबसे बड़े ब्रांड एम्बेसडर हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन से राज्य धार्मिक, साहसिक और प्रकृति-आधारित पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post