मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राज्य की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल के साथ बनने वाली एस्केप टनल को भविष्य में समानांतर सड़कों (पैरेलल रोड्स) के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की एस्केप टनलों के उपयोग की कार्ययोजना तैयार करने और कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल विस्तार की संभावना पर भी अध्ययन करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को गति देने, वैकल्पिक मार्गों पर विचार करने तथा अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्र को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कराने के लिए केंद्र से अनुरोध करने को कहा।
उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित रेलवे स्टेशनों के लिए इंटीग्रेटेड प्लान बनाने, स्थानीय बाजार, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टेशनों के आसपास पर्यटन, होमस्टे और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए रोडमैप तैयार करने पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 72.5% कार्य और 95% से अधिक टनल निर्माण पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत 28 टनल (16 मुख्य और 12 एस्केप) बन रही हैं, जबकि स्टेशनों का निर्माण धार्मिक व सांस्कृतिक थीम पर किया जा रहा है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post