हरिद्वार में कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी सोनिका ने हर की पैड़ी स्थित कुम्भ मेला नियंत्रण भवन में प्रशासन, पुलिस, एनएचएआई, रेलवे और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कुम्भ क्षेत्र की सड़कों, चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति, सुचारु यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी प्रमुख सड़कों का ब्लैक टॉप, सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, चौराहों का सुधार और स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए।
मेला अधिकारी ने सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत, ब्लैक टॉप, प्रकाश व्यवस्था और साइनेज लगाने के साथ हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग व रिंग रोड के कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही मोतीचूर के पुराने मार्ग और पुल की तकनीकी जांच कर उसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग करने की संभावना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए गए।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post