हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था और सख्त कर दी है। कुंभ क्षेत्र में शामिल हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की अब जिला स्तरीय अधिकारियों और एसडीएम के स्तर से भी नियमित निगरानी की जाएगी।
मेलाधिकारी सोनिका ने करीब डेढ़ दर्जन अधिकारियों को अलग-अलग सेक्टरों की जिम्मेदारी सौंपते हुए नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की रिपोर्ट मेला प्रशासन को सौंपनी होगी।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी कार्यों की रफ्तार धीमी पाई जाएगी, वहां संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की विशेष निगरानी घाट, पुल, सड़क, फुटपाथ और चौराहों के निर्माण के साथ-साथ शिविर स्थलों के लिए भूमि तैयार करने के कार्यों पर रहेगी। गंगनहर के क्लोजर के दौरान प्रस्तावित घाट निर्माण और मरम्मत कार्यों की तैयारियां भी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही मेला क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। उनके उपयोगी सुझावों को आवश्यकतानुसार विकास कार्यों में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेला प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ शुरू होने से पहले सभी स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कर लिए जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और मेला व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
सोनिका, मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार
Reported By: Praveen Bhardwaj











Discussion about this post