Tehri Lake Festival के तहत आयोजित ‘हिमालयन 0.2 द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन Pushkar Singh Dhami ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास जताया कि टिहरी झील आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने कोटी कॉलोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती आध्यात्मिकता, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि टिहरी झील तेजी से साहसिक खेलों के केंद्र के रूप में उभर रही है। यहां कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, बल्कि उत्तराखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान भी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है। इसके लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि टिहरी झील के आसपास विकसित हो रहा पर्यटन और खेल तंत्र स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के उत्तराखंड से विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इनमें आदि कैलाश हाई-एल्टीट्यूड मैराथन, माणा एमटीबी चैलेंज और एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे आयोजन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें टिहरी झील विकास, रिंग रोड निर्माण और तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा भिलंगना ब्लॉक के सुनारगांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 318 करोड़ रुपये लागत के कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से किया जाएगा।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post