उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को पूरे प्रदेश में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देहरादून से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया और सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड” का विमोचन किया गया।
प्रदेशभर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा और सीधे लाभ प्रदान किए। हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। सहकारिता, समाज कल्याण और बाल विकास विभागों द्वारा लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, उपकरण और किट वितरित किए गए।
इसी तरह चम्पावत, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी समेत सभी जिलों में बहु-विभागीय शिविरों और प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभान्वित किया गया।
कहीं किसानों को अनुदान और कृषि सामग्री दी गई, तो कहीं स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता, दिव्यांगजनों को उपकरण और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए गए। कई स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर हजारों लोगों की जांच और उपचार भी किया गया।
सरकार का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के जरिए सरकार ने अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ विकास योजनाओं का सीधा लाभ देने पर भी जोर दिया है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post