तीर्थनगरी ऋषिकेश में बसंत पंचमी का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के आराध्य देव भगवान श्री भरत जी की भव्य डोली शोभायात्रा निकाली गई। खराब मौसम, भारी बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और नगर जय बद्री विशाल व भगवान भरत के जयकारों से गूंज उठा।
श्री भरत मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। डोली मायाकुंड होते हुए रामानंद घाट पहुंची, जहां भगवान भरत की डोली को गंगा स्नान कराया गया। इसके बाद यात्रा सुभाष चौक, मुखर्जी चौक, लक्ष्मण झूला रोड और क्षेत्र रोड से होते हुए पुनः मंदिर परिसर लौटी।
बसंत पंचमी के प्रतीक रूप में श्रद्धालु पीले वस्त्रों में नजर आए। भक्तों ने गुलाल लगाकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और बारी-बारी से डोली को कंधों पर उठाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शहर के गणमान्य लोगों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post