
राष्टीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष (केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त) किशोर मकवाना की अध्यक्षता में मंगलवार को ओएनजीसी सामुदायिक भवन में अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें समुदाय की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान, अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा बीजापुर गेस्ट हाउस में गृह एवं समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण से जुड़े मामलों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे मामलों की जांच सीओ स्तर के अधिकारी से कराई जाए और पीड़ितों को आर्थिक सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए।
अध्यक्ष ने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को त्वरित न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post