
गौचर क्षेत्र के गलनाव नामक स्थान पर मंगलवार को एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे जा गिरी, जिसमें दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस चौकी गौचर के माध्यम से SDRF को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बाइक पर सवार दो युवक दुर्घटना में घायल हो गए हैं। इनमें से एक युवक को गंभीर चोटें आई थीं, जबकि दूसरा युवक सामान्य रूप से घायल था।
इसे भी पढ़ें
दुर्घटनास्थल सड़क से काफी नीचे होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण था। अपर उप निरीक्षक शेखर चंद्र जोशी के नेतृत्व में SDRF टीम ने नीचे उतरकर दोनों घायलों तक पहुंच बनाई और सावधानीपूर्वक उन्हें सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
इसके बाद टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और आगे के इलाज के लिए एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान लइक अहमद (26 वर्ष) निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश और इब्राहिम मंसूरी (28 वर्ष) के रूप में हुई।
SDRF की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के चलते दोनों घायलों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में SDRF टीम की तत्परता की सराहना की।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post