
रुड़की। शहर के मच्छी मोहल्ले में देर रात शातिर चोरों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दो वाहनों के शीशे तोड़कर एक गाड़ी से करीब 13 हजार रुपये की नकदी और ट्रक से महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। सुबह वाहन स्वामियों को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मछली सप्लाई का काम करने वाला एक वाहन चालक रात करीब दो बजे बीएचईएल से वापस लौटा था। इसके बाद उसने अपना वाहन मच्छी मोहल्ले में सड़क किनारे खड़ा कर दिया। देर रात चोरों ने वाहन का शीशा तोड़कर अंदर रखी करीब 13 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने वाहन के अंदर रखे अन्य सामान को भी खंगाला।
इसके बाद आरोपियों ने पास में खड़े एक ट्रक को भी निशाना बनाया। ट्रक का शीशा तोड़कर उसमें रखे जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। सुबह जब वाहन स्वामी अपने वाहनों के पास पहुंचे तो टूटे शीशे और बिखरा सामान देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वाहन चालक की ओर से पुलिस को तहरीर भी दी गई है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। लगातार वाहनों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय निवासी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post