
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेश की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों की सराहना की। प्रधानमंत्री के इस आत्मीय संदेश पर मुख्यमंत्री धामी ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष लगाव उनके विचारों, संकल्पों और निरंतर प्रयासों में भी दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की ओर से भेजा गया संदेश देवभूमि के प्रति उनके स्नेह, विश्वास और आत्मीयता की सुंदर अभिव्यक्ति है। पत्र में उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना, हिमालय की दिव्यता, मां गंगा की पावन धारा और समृद्ध लोकसंस्कृति के प्रति प्रधानमंत्री का गहरा भावबोध दिखाई देता है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की विकास यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की क्षमता, मातृशक्ति के स्वावलंबन, युवाओं की आकांक्षाओं, किसानों के परिश्रम और प्रदेश की उभरती आर्थिक शक्ति का भी उल्लेख किया है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, पर्व-त्योहारों, खानपान और सांस्कृतिक विरासत का जिस आत्मीयता के साथ स्मरण किया है, वह प्रदेश के साथ उनके गहरे भावनात्मक संबंधों को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार से लेकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन, सीमांत क्षेत्रों के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला स्वावलंबन और सुशासन तक विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में उत्तराखंड का विशेष स्थान है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उस विश्वास का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदार के चरणों में कहा था कि ’21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।’ धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह विश्वास आज प्रदेश की विकास यात्रा का प्रेरणास्रोत बन चुका है और उनके सशक्त नेतृत्व में उत्तराखंड इस संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के आत्मीय संदेश और देवभूमि के प्रति उनके स्नेह, प्रेम एवं विश्वास के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post