
पहाड़ों की रानी मसूरी में यातायात व्यवस्था एक बार फिर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पर्यटन सीजन के बीच शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर पर्यटन स्थलों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कैंपटी क्षेत्र से लेकर चार दुकान तक लगे भीषण जाम ने यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। हालात यह हैं कि महज 15 मिनट में पूरा होने वाला सफर तय करने में पर्यटकों को घंटों का समय लग रहा है।
जाम की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार दुकान जाने वाले कई पर्यटक करीब दो घंटे तक अपने वाहनों में फंसे रहे। इस दौरान पुलिस की ओर से वाहनों को आगे बढ़ने से रोकने के निर्देश दिए जाने से पर्यटकों की मुश्किलें और बढ़ गईं। लंबे समय तक जाम में फंसे पर्यटकों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मसूरी घूमने आने का उनका अनुभव बेहद निराशाजनक रहा। कुछ पर्यटक जाम के चलते अपनी छुट्टियां बढ़ाने को मजबूर हैं, जबकि कई ने घूमने का कार्यक्रम ही रद्द कर दिया। एक पर्यटक ने यहां तक कहा कि अब मसूरी आने के बजाय वे दिल्ली घूमना पसंद करेंगे।
पर्यटकों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देशों का अभाव है। किस रास्ते से जाना है और किन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है, इसकी जानकारी देने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। मार्गदर्शन की कमी के कारण पर्यटक असमंजस में रहते हैं, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि पर्यटन सीजन में मसूरी में जाम की समस्या हर साल सामने आती है। इसके बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान अब तक नजर नहीं आ रहा है। पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना के बावजूद प्रभावी यातायात प्रबंधन नहीं होने से प्रशासन और पुलिस की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि हर साल सामने आने वाली इस समस्या से निपटने के लिए पहले से ठोस यातायात योजना क्यों नहीं बनाई जाती? यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका असर न केवल पर्यटकों के अनुभव पर पड़ेगा, बल्कि मसूरी के पर्यटन कारोबार को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कौशल्या पटेल पर्यटक
गोविंद पुण्डीर स्थानीय निवासी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post