हरिद्वार जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। यह अभियान संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के तहत मालवाहक और यात्री वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की विशेष ड्राइव चलाई गई, ताकि रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। जिन वाहनों में मानक अनुसार रिफ्लेक्टिव टेप नहीं पाए गए, उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे में वाहन चलाने जैसे नियम उल्लंघनों के गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ई-चालान की कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
Reported By: Rahesh Kumar












Discussion about this post