देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को बंजारावाला स्थित दुर्गा माता मंदिर के समीप उक्रांद की केंद्रीय महामंत्री किरण रावत (एडवोकेट) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
सरकार पर VIP को बचाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान किरण रावत ने तीखे शब्दों में कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड की अंतरात्मा को झकझोरने वाला मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों बीत जाने के बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिला है, जो राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। रावत ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार एक ‘वीआईपी’ को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है, जिससे जांच की पारदर्शिता पर जनता को गहरा संदेह है।”
उक्रांद की प्रमुख मांगें:
अंकिता भंडारी हत्याकांड की पूरी जांच CBI से कराई जाए।
भाजपा पदाधिकारी पर लग रहे आरोपों की निष्पक्ष एजेंसी से जांच हो।
दोषियों को, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही इस मामले को सीबीआई के सुपुर्द नहीं करती है, तो उत्तराखंड क्रांति दल पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पद पर बैठे व्यक्ति के विरुद्ध सार्वजनिक आरोप लगने पर निष्पक्ष जांच कराना सरकार का नैतिक दायित्व है।
ये रहे मौजूद:
पुतला दहन कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष प्रवीण रमोला, संगठन मंत्री कपिल कुमार, संतोष नौटियाल, जितेंद्र कुमार, रीता देवी, सुमन नेगी, सुचिता उनियाल सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग और उक्रांद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Reported BY: Pawan Kashyap












Discussion about this post