
उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मंगलवार को जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले का शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला 13 नवंबर तक चलेगा। मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और महिला उद्यमिता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी मौजूद रहे। मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। इनमें स्थानीय कृषि एवं गैर-कृषि उत्पाद, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पाद और हस्तशिल्प शामिल हैं। मेले में गढ़भोज का विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ऋषिराम शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं तथा भटवाड़ी और चिन्यालीसौड़ क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों एवं लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तरकाशी की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं एवं स्थानीय उत्पादकों से बातचीत कर उत्पादों, उनकी निर्माण प्रक्रिया और विपणन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मिनी सरस जैसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ ही बाजार उपलब्ध कराने का बेहतर अवसर देते हैं। स्थानीय उत्पादों की पहचान और मांग बढ़ाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा करते हुए बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाले आर्थिक सहयोग, प्रशिक्षण और विभागीय मार्गदर्शन से उन्हें स्वरोजगार शुरू करने और व्यवसाय आगे बढ़ाने में मदद मिली है। इन अवसरों का लाभ उठाकर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रही हैं।
कबड्डी प्रतियोगिता में डुंडा की टीम ने जीता खिताब
उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित अंडर-20 बालक वर्ग की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें डुंडा की टीम ने फोल्ड धनारी को हराकर खिताब अपने नाम किया।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में जय नागराजा क्लब चिन्यालीसौड़ और फोल्ड धनारी की टीमें आमने-सामने थीं। इसमें फोल्ड धनारी ने 13-11 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में डुंडा और गंगोत्री क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें डुंडा की टीम ने 19-18 से एक अंक के अंतर से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में डुंडा और फोल्ड धनारी की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंततः डुंडा की टीम ने 34-26 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता में जनपद की कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
Reported By: Gopal nautiyal













Discussion about this post