
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने मंगलवार को डामटा स्थित सूरत स्टेडियम डामटा-कांडी में आयोजित यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। मंत्री ने जहां खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, वहीं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर रवांई-जौनसार-जौनपुर क्षेत्र के पारंपरिक रासो नृत्य में भी हिस्सा लिया।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि यमुनाघाटी क्षेत्र के लोगों की ओर से लोक संस्कृति, परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए की गई यह पहल सराहनीय है। ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहते, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, बोली-भाषा और जड़ों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिकता के साथ आगे बढ़ने और अपनी सांस्कृतिक विरासत व परंपराओं को सहेजकर रखने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार ने पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देकर उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए भी प्रतिबद्ध है।
समारोह के दौरान आयोजन समिति की ओर से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगपत्र मंत्री को सौंपा गया। मंत्री ने मांगपत्र में शामिल मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही समारोह के आयोजन को प्रोत्साहित करने के लिए अपने वेतन से आर्थिक सहयोग देने की घोषणा भी की।
समारोह में कबड्डी (ओपन एवं ग्राम स्तर), वॉलीबॉल, महिला कबड्डी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही जूनियर और सीनियर वर्ग की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें क्षेत्र के खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना है।
Reported By: Gopal nautiyal












Discussion about this post