अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर “महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत प्रदेशभर में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करेगा। आयोग की अध्यक्ष Kusum Kandwal ने बताया कि 9 मार्च से 13 मार्च 2026 के बीच राज्य के सभी 13 जिलों में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें त्वरित न्याय दिलाना है। ग्रामीण क्षेत्रों की कई महिलाएं भौगोलिक कारणों से मुख्यालय तक नहीं पहुंच पातीं, इसलिए आयोग स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान कराने का प्रयास कर रहा है।
इस दौरान केवल नई शिकायतें ही नहीं ली जाएंगी, बल्कि विभिन्न विभागों में लंबित पड़े पुराने मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। जनसुनवाई में पुलिस, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रमों में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर मानसिक व यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी और मातृत्व लाभ से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। हर जिले में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी, पुलिस प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि शिकायतों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने प्रदेश की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे इन जनसुनवाई कार्यक्रमों में निर्भीक होकर भाग लें और अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखें, ताकि उन्हें समय पर न्याय मिल सके।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post