एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में आयोजित विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (WAAW 2025) सोमवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। सप्ताहभर चलने वाले इस जागरूकता अभियान के दौरान आम जनता को एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग और इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
त्रिवेणीघाट में नर्सिंग छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक
अभियान के तहत बीते दिवस एम्स ऋषिकेश के नर्सिंग छात्रों ने त्रिवेणीघाट पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से लोगों को बताया गया कि—
- एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए,
- दवाओं के गलत और अनियमित उपयोग से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) बढ़ता है,
- जो भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों को जन्म दे सकता है।
नाटक देखने आए आम लोगों ने विशेषज्ञों से दवाओं के उपयोग को लेकर कई सवाल भी पूछे। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक प्रो. सत्या श्री बालिजा, आयोजन सचिव डॉ. पी.के. पंडा, डॉ. पी.वी. सौजन्या, एएनएस गिरीराज सैनी, उमेश तथा नर्सिंग विद्यार्थी उपस्थित रहे।
पोस्टर प्रतियोगिता और फार्मेसी स्टेवर्डशिप वर्कशॉप
अभियान के तहत निर्धारित थीम पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
सोमवार को एम्स के फार्मेसिस्टों के लिए विशेष फार्मेसी स्टेवर्डशिप वर्कशॉप आयोजित हुई, जिसका नेतृत्व डॉ. महेंद्र सिंह ने किया। वर्कशॉप का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को एंटीबायोटिक उपयोग की सही प्रक्रिया एवं प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार
संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न कार्यक्रम के समापन पर नर्सिंग अधिकारियों, रेजिडेंट डॉक्टरों, फैकल्टी, हेल्थ केयर वर्कर, सुरक्षा कर्मियों और हाउसकीपिंग स्टाफ को विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
आयोजन सचिव डॉ. प्रसन्न कुमार पंडा ने बताया कि WAAW-2025 के दौरान चिकित्सा, फार्माकोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, नर्सिंग कॉलेज एवं नर्सिंग सेवाओं के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों ने आम जनता में एंटीबायोटिक के सही उपयोग को लेकर सकारात्मक संदेश पहुंचाया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
अलग-अलग कार्यक्रमों में डीन एकेडेमिक प्रो. जया चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री, डॉ. अमित त्यागी, डॉ. वन्या सिंह, डॉ. गौरव चिकारा, डॉ. अखिलेश पी., डॉ. रूपिंदर देओल, डॉ. मनीष शर्मा, डीएनएस जीनू जैकब, श्रीकांत देसाई, पुष्पा रानी, निखिल सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Reported By : Arun Sharma













Discussion about this post