सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के लिए उत्तराखंड से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को छत्तीसगढ़ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से रायपुर के लिए प्रस्थान किया। अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, महत्वपूर्ण परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है।
पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की प्रमुख परियोजनाओं और विकास कार्यों का स्थलीय अवलोकन करेंगे। इसके माध्यम से पत्रकार परियोजनाओं की जमीनी स्थिति को समझने के साथ उनकी जनहित और राष्ट्रहित में उपयोगिता का भी आकलन करेंगे।
पांच दिवसीय अध्ययन यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ के प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों, शोध केंद्रों और आधारभूत संरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का दौरा करेगा। यात्रा में एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी और बीएएलसीओ कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर का भ्रमण शामिल है। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का भी अवलोकन करेगा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेगा।
पीआईबी की ओर से बताया गया कि ऐसे प्रेस टूर का उद्देश्य पत्रकारों को देश में संचालित विकास गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है, ताकि सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी को तथ्यों के साथ आम जनता तक पहुंचाया जा सके। अध्ययन यात्रा के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचार, तकनीकी विकास और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह अध्ययन भ्रमण उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे पत्रकारों को छत्तीसगढ़ में संचालित केंद्र सरकार की परियोजनाओं और उपलब्धियों की गहन एवं प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। उन्होंने बताया कि ऐसे एक्सपोजर टूर के माध्यम से पत्रकारों को अत्याधुनिक तकनीक, बुनियादी ढांचे और जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलता है, जिससे वे पाठकों तक अधिक सटीक और प्रामाणिक जानकारी पहुंचा सकें।
सुंद्रियाल ने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआईबी देहरादून की ओर से समय-समय पर इस तरह के राष्ट्रीय प्रेस टूर आयोजित किए जाते हैं। इससे पहले भी देहरादून से पत्रकारों के लिए हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम में प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post