
उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता यशपाल आर्य ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की विशाल रैली को लेकर बड़ा बयान दिया है। हल्द्वानी में पत्रकारों से बात करते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ का नारा दिया है और इसी नारे के तहत दिल्ली में एक ऐतिहासिक रैली होने जा रही है।
यशपाल आर्य ने बताया कि आज इसी संदर्भ में हल्द्वानी में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारा बैठक आहूत की गई थी। उन्होंने कहा कि इस रैली में उत्तराखंड से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जाना सुनिश्चित है। कार्यकर्ताओं में इस रैली को लेकर नया जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरे प्रदेश में इस तरह की बैठकें कर कार्यकर्ताओं का आह्वान किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने वोट चोरी का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि देश भर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए वोट चोरी की जा रही है। एक तरफ वोट काटे जा रहे हैं तो दूसरी तरफ फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वोट नहीं रहेगा तो लोकतंत्र भी नहीं बचेगा। वोट हमारा मौलिक अधिकार है और भाजपा सरकार चुनाव आयोग के जरिए इस अधिकार से वंचित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस रैली में हमारी मुख्य मांग है कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त किया जाए, उनके खिलाफ महाभियोग लाया जाए, एसआईआर में हुई विसंगतियों को दूर किया जाए और साढ़े तेरह करोड़ मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष, उत्तराखंड
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post