रामनगर के टेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत से निकलकर एक विशालकाय बर्मीज पाइथन आबादी की ओर पहुंच गया। करीब 17 फीट लंबे और 80 से 90 किलो वजनी बताए जा रहे इस विशाल अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामनगर वन प्रभाग में सांपों के रेस्क्यू के लिए तैनात विशाल कश्यप अपने पिता राकेश कश्यप के साथ मौके पर पहुंचे। विशालकाय पाइथन को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। रेस्क्यू टीम ने बेहद सावधानी के साथ पाइथन को काबू करने की कार्रवाई शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद विशाल कश्यप और राकेश कश्यप ने करीब 17 फीट लंबे बर्मीज पाइथन को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। विशाल सांप को आबादी से दूर किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम के विशाल कश्यप ने बताया कि उन्हें मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि टेड़ा गांव में खेत से निकलकर एक विशालकाय बर्मीज पाइथन आबादी के बीच पहुंच गया है। सूचना मिलते ही वह अपने पिता के साथ मौके पर पहुंचे और पाइथन को सकुशल रेस्क्यू किया।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किए गए पाइथन को अब उसके प्राकृतिक आवास यानी घने जंगल में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जंगल से सटे इलाकों में अक्सर सांप और अन्य वन्यजीव भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी के करीब पहुंच जाते हैं।
वन विभाग की अपील
विशाल कश्यप ने ग्रामीणों से अपील की कि खेत, घर या आबादी के आसपास सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ सके और उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
फिलहाल विशालकाय बर्मीज पाइथन के रेस्क्यू के बाद टेड़ा गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, 17 फीट लंबे इस विशालकाय अजगर की तस्वीरें और वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
विशाल कश्यप,
वन विभाग रेस्क्यू कर्मी
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post