शहर के बुनियादी ढांचे को सशक्त करने की दिशा में महापौर विकास शर्मा ने एक और अहम पहल करते हुए वार्ड संख्या 19 खेड़ा एवं वार्ड संख्या 3 ट्रांजिट कैंप में सड़क और नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। खेड़ा में साईं मंदिर से माता मंदिर गली तक सड़क–नाली निर्माण और ट्रांजिट कैंप ए-ब्लॉक में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों ने महापौर का नागरिक अभिनंदन करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया। ट्रांजिट कैंप में पार्षद शुभम दास द्वारा सरस्वती माता मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग पर महापौर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्यों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बस्तियों का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वर्षों से उपेक्षित क्षेत्रों को अब प्राथमिकता के साथ संवारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में 1.74 करोड़ रुपये की लागत से रजत जयंती पार्क का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण और अन्य योजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं।
महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम अब केवल मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बहुआयामी विकास योजनाओं को धरातल पर उतार रहा है। उन्होंने रूद्रपुर को एक आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि जनता के सहयोग से शहर को प्रदेश का नंबर वन शहर बनाया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post