
उत्तराखंड में रबी अभियान-2026 के अंतर्गत ‘खेत बचाओ अभियान’ को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में अभियान के तहत 2,375 कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1.20 लाख किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही किसानों को मसूर के 11 हजार मिनी किट भी वितरित किए जाएंगे।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून स्थित सर्किट हाउस से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष रखा।
ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के लिए अतिरिक्त मुआवजे की मांग
बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री को बताया कि ओलावृष्टि के कारण प्रदेश में लगभग 17 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलें प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानकों से अधिक क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सहायता मिलने से किसानों को फसलों के नुकसान से उबरने में मदद मिलेगी।
फसल बीमा के क्लेम का जल्द भुगतान करने पर जोर
गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों को बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने खरीफ-2026 और रबी-2025-26 के प्रभावित किसानों को समय पर बीमा राशि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पोर्टल पर आवश्यक डेटा जल्द अपलोड कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बीमा क्लेम के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
घेरबाड़ योजना के लिए अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह
बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने घेरबाड़ योजना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री से भारत सरकार द्वारा पहले से अवमुक्त 25 करोड़ रुपये के अतिरिक्त शेष धनराशि भी तत्काल जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में घेरबाड़ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड के किसानों के हित में केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post