
मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में राज्य में गैस, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू और औद्योगिक गैस, पीएनजी पाइपलाइन, सीएनजी आपूर्ति, चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती मांग, उर्वरक वितरण, कालाबाजारी रोकथाम, अफवाह प्रबंधन और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि किसी प्रकार की कमी नहीं है और पैनिक होने से बचने की अपील की। उन्होंने सभी विभागों को वैकल्पिक और ग्रीन एनर्जी के उपयोग को बढ़ाने, उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पीएनजी पाइपलाइन का तत्काल उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा के दौरान गैस और ईंधन की अतिरिक्त मांग का आकलन कर योजना बनाने, कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने, नगर निकायों में बायोगैस प्लांट बढ़ाने और परिवहन क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, प्रवासी उत्तराखंडियों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर और नोडल अधिकारी नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया।
मुख्य सचिव ने सप्लाई चेन पर नियमित निगरानी, स्टॉक रजिस्टर की दैनिक जांच और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आम जनता को समयबद्ध और निरंतर सेवाएँ मिलती रहें।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post