राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2026 के तहत एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से खदरी स्थित विवेका एकेडमी में ‘कम्युनिटी न्यूट्रिशन मेला’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 8 के 100 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
न्यूट्रिशन मेले में संतुलित पोषण, स्वस्थ भोजन का चुनाव, एनीमिया की रोकथाम और पोषण से जुड़ी भ्रांतियों को लेकर छात्रों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन एमएससी और बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों के संयुक्त सहयोग से किया गया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. स्मृति अरोड़ा और विवेका एकेडमी की प्रिंसिपल श्रीमती दिवेश्वरी देवी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के रचनात्मक और व्यावहारिक आयोजनों से बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
प्रश्न-उत्तर सत्र में दूर की छात्रों की जिज्ञासाएं
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्न-उत्तर सत्र में छात्रों ने पोषण से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। विशेषज्ञों और नर्सिंग विद्यार्थियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश साझा किए।
‘खेलो, सीखो, बदलो- स्वस्थ समुदाय, स्वस्थ भविष्य’ के मुख्य संदेश पर आधारित इस मेले में पोषण शिक्षा के लिए ‘हैंड्स-ऑन’ यानी व्यावहारिक तरीका अपनाया गया। छात्रों को संतुलित भोजन, किफायती पोषण, पैक्ड फूड में मौजूद छिपी चीनी, नमक और फैट के प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही बच्चों को आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों और एनीमिया से बचाव के उपायों के बारे में भी बताया गया। पोषण से जुड़ी आम गलतफहमियों को दूर करने के लिए भी विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम ने पोषण संबंधी जटिल अवधारणाओं को बच्चों के लिए सरल, व्यावहारिक और रोचक सीखने के अनुभव में बदलने का काम किया। साथ ही, समुदाय आधारित निवारक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य संवर्धन शिक्षा में नर्सिंग विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका भी सामने आई।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post